सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में भाजपा की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह उस वक्त विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और पत्रकारों के बीच जमकर बहस हो गई। देखते ही देखते समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। वहीं प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी विवाद को शांत कराने और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश करते नजर आए।
भाजपा नेताओं के बीच बहस का वीडियो बनाने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, दीपावली मिलन समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष जालान और जीतू गुप्ता के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो रही थी। इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने घटनाक्रम को अपने कैमरे में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार ने पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश की। इतना ही नहीं, पत्रकारों का मोबाइल छीनने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और पत्रकारों ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
'पत्रकारों का अपमान नहीं सहेंगे' के लगे नारे
वीडियो बनाने से रोकने के कथित प्रयास से नाराज पत्रकारों ने समारोह के बीच ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाजपा नेताओं और पत्रकारों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। आक्रोशित पत्रकारों ने कार्यक्रम में 'पत्रकारों का अपमान नहीं सहेंगे' के नारे लगाए। हंगामा बढ़ता देख पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा। इस दौरान प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास करते दिखाई दिए।
प्रेस क्लब ने मांगी सार्वजनिक माफी, कार्रवाई की मांग
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पत्रकारों में नाराजगी बनी हुई है। प्रेस क्लब ने प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से पत्रकारों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की अपील की गई है। फिलहाल दीपावली मिलन समारोह में हुआ यह विवाद राजनीतिक और पत्रकारिता जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।