होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, जशपुर से सरगुजा तक करेंगे जन चौपाल, कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, जशपुर से सरगुजा तक करेंगे जन चौपाल, कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देने के लिए प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत दो दिवसीय दौरे पर पहुंचने वाले हैं। 16 और 17 नवंबर 2026 को प्रस्तावित इस दौरे में उनका फोकस जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने पर रहेगा। इस दौरान वे जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, मैनपाट और सरगुजा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

दौरे की खास बात यह है कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जन चौपाल आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए सुखदेव भगत स्थानीय पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की सक्रियता, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।

16 नवंबर को जशपुर से शुरू होगा दौरा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुखदेव भगत 16 नवंबर को सुबह 9 बजे लोहरदगा से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगे। सुबह करीब 11 बजे शंख नदी के पास छत्तीसगढ़ सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे अघोरेश्वर सोगड़ा आश्रम, जशपुर पहुंचेंगे।

यहां से उनके संगठनात्मक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। दोपहर 12:45 बजे जशपुर विधानसभा क्षेत्र के बालाछापर में पहली बूथ स्तरीय जन चौपाल आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पतराटोली में दूसरी जन चौपाल में शामिल होकर वे कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।

कुनकुरी में चर्च और हनुमान टेकरी मंदिर जाएंगे

कुनकुरी में भोजन के बाद सुखदेव भगत कैथोलिक चर्च पहुंचकर बिशप से सौजन्य मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद उनका काफिला पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र की ओर रवाना होगा।

कांसाबेल में तीसरी जन चौपाल, दिवंगत नेता के परिवार से मुलाकात

पहले दिन शाम 4:45 बजे कांसाबेल में तीसरी बूथ स्तरीय जन चौपाल आयोजित की जाएगी। यहां प्रदेश प्रभारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा करेंगे।

इसके बाद शाम 5:15 बजे वे पत्थलगांव पहुंचेंगे। यहां जिला कांग्रेस कमेटी के दिवंगत उपाध्यक्ष स्वर्गीय हरगोविंद अग्रवाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सीतापुर के रास्ते मैनपाट के कमलेश्वरपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

17 नवंबर को मैनपाट और सरगुजा क्षेत्र में रहेंगे

दौरे के दूसरे दिन यानी 17 नवंबर को सुखदेव भगत मैनपाट, सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे मैनपाट में धार्मिक दर्शन के साथ दूसरे दिन की शुरुआत प्रस्तावित है। इसके बाद वे निर्धारित कार्यक्रमों के तहत क्षेत्र का दौरा करेंगे।

बूथ स्तर पर कांग्रेस की मजबूती पर रहेगा जोर

सुखदेव भगत का यह दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक लिहाज से अहम माना जा रहा है। खासकर जशपुर और सरगुजा संभाग में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए बूथ स्तरीय जन चौपालों को महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

इन बैठकों में कार्यकर्ताओं की समस्याओं, संगठन की मौजूदा स्थिति और आगामी चुनावी तैयारियों पर फीडबैक लिया जा सकता है। अब देखना होगा कि इस दो दिवसीय दौरे के बाद कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए क्या नई रणनीति सामने आती है।


संबंधित समाचार