होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

खैरागढ़ के छात्र ने बनाया कमाल का स्मार्ट चश्मा, ड्राइवर को नींद आते ही बजेगा अलार्म

खैरागढ़ के छात्र ने बनाया कमाल का स्मार्ट चश्मा, ड्राइवर को नींद आते ही बजेगा अलार्म

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ के एक होनहार स्कूली छात्र ने अपनी वैज्ञानिक सोच और तकनीकी हुनर से ऐसा नवाचार किया है, जो सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मददगार साबित हो सकता है। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दबका में कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले डीगेन्द्र सिन्हा ने एक खास स्मार्ट चश्मा तैयार किया है। यह चश्मा वाहन चालक को नींद की झपकी आते ही अलर्ट कर देगा। इतना ही नहीं, अगर अलार्म बजने के बाद भी चालक की नींद नहीं खुलती है, तो चश्मे से पानी का फव्वारा निकलकर उसे जगाने का प्रयास करेगा। छात्र के इस अनोखे मॉडल को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान मिला है, जबकि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उसने दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के बाद डीगेन्द्र का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

नींद आते ही अलर्ट करेगा स्मार्ट ड्राइविंग गॉगल

डीगेन्द्र सिन्हा ने अपने शिक्षक अजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में इस विशेष चश्मे को तैयार किया है। इसमें सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो वाहन चालक की आंखों की गतिविधियों पर नजर रखती है। जैसे ही चालक की आंखें नींद के कारण बंद होने लगती हैं, चश्मे में लगा सेंसर इसकी पहचान कर अलर्ट सिस्टम को सक्रिय कर देता है। इसके बाद बजर बजने लगता है, जिससे चालक को सतर्क होने का संकेत मिलता है। इस मॉडल की सबसे खास बात इसका अतिरिक्त सुरक्षा फीचर है। यदि बजर बजने के बावजूद चालक सतर्क नहीं होता है, तो चश्मे में लगे सिस्टम के जरिए पानी का फव्वारा छोड़ा जा सकता है। इसका उद्देश्य चालक को नींद से जगाकर संभावित सड़क दुर्घटना से बचाना है।

ट्रक चालकों को ध्यान में रखकर तैयार किया मॉडल

छात्र ने अपने प्रोजेक्ट का नाम 'स्मार्ट ड्राइविंग गॉगल' रखा है। डीगेन्द्र के मुताबिक, इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले ड्राइवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। खासकर ट्रक चालक अक्सर एक राज्य से दूसरे राज्य तक लंबी यात्रा करते हैं। लगातार कई घंटों तक ड्राइविंग करने के कारण उन्हें थकान और नींद आने की समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में यह स्मार्ट चश्मा उन्हें समय रहते सतर्क करने में मदद कर सकता है।

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में मिला दूसरा स्थान

डीगेन्द्र सिन्हा के इस मॉडल का प्रदर्शन दुर्ग स्थित सेजेस जेवराड़ी बहुद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में किया गया था। यहां छात्र ने अपने तकनीकी मॉडल के जरिए निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया और संभाग स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उसका मॉडल प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। अब डीगेन्द्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन करेगा।

हेलमेट नहीं पहनने पर भी बजेगा अलार्म

सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूल के विद्यार्थियों ने केवल स्मार्ट ड्राइविंग गॉगल ही नहीं, बल्कि एक अन्य उपयोगी मॉडल भी तैयार किया है। इस मॉडल में बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने पर अलार्म बजने की व्यवस्था की गई है। इन दोनों प्रयोगों के जरिए विद्यार्थियों ने यह दिखाने की कोशिश की है कि विज्ञान और तकनीक का इस्तेमाल रोजमर्रा की समस्याओं को हल करने के लिए किस तरह किया जा सकता है।

शिक्षक ने की छात्र की पहल की सराहना

शिक्षक अजय सिंह राजपूत के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में कौशल आधारित शिक्षा और व्यावहारिक ज्ञान को विशेष महत्व दिया गया है। विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। डीगेन्द्र सिन्हा का यह प्रयास इसी सोच का उदाहरण है। कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले छात्र ने अपनी कल्पनाशीलता और तकनीकी समझ से ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो भविष्य में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकता है। अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डीगेन्द्र के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हैं। उसकी यह उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों को भी विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।


संबंधित समाचार