सीहोर : मध्य प्रदेश के सीहोर में बुधवार शाम एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी है। घटना को एसपी बंगले के पास अंजाम दिया गया है। जिससे इलाके में न सिर्फ सनसनी फैल गई है। बल्कि इलाके में दहशत का माहौल है।
कहासुनी ने खुनी संघर्ष का रूप लिया
घटना सीहोर के मंडी चौराहा स्थित मस्जिद के पास की है। जिसकी सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी ने खुनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
शाम करीब पौने छह बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, माता मंदिर चौराहा मंडी निवासी लईक कुरैशी पिता लतीफ कुरैशी (45) का बुधवार शाम करीब पौने छह बजे अपने ही समुदाय के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच एक अज्ञात आरोपित ने लईक कुरैशी पर पीछे से आकर छुरी से हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का वास्तविक कारण साफ़ नहीं
घटना के बाद परिजन लईक को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण को लेकर हुआ। फ़िलहाल घटना का वास्तविक कारण और हमले में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कानून व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
इधर, शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर विवाद इतना बढ़ा कि युवक की जान चली गई? पुलिस मामले की जांच में जुटी है।