हरदा : मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को हरदा कृषि उपज मंडी में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार से किसानों की मूंग खरीदी को लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि 3 अगस्त तक प्रदेश के सभी पंजीकृत किसानों की मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित की जानी चाहिए। यदि निर्धारित समय सीमा तक खरीद प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस किसानों के समर्थन में पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू करेगी।
सरकार की खरीद व्यवस्था पूरी तरह विफल
पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार की मौजूदा खरीद व्यवस्था प्रभावी नहीं है, जिसके कारण किसान अपनी उपज लेकर मंडियों में लंबे समय तक इंतजार करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान और उपज की खरीदी सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
किसानों के अधिकारों की रक्षा करेगी कांग्रेस
बता दें कि हरदा में आयोजित किसान सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। जहां पर किसानों को सम्बोधित करते हुए जीतू पटवारी ने आश्वासन दिया कि वो किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
जानें क्या है मांगे
कांग्रेस की मांग है कि सरकार प्रति एकड़ 1 क्विंटल के बजाय 6 क्विंटल मूंग की खरीदी करे। साथ ही तत्काल खरीदी शुरू करने, खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं करने और किसानों को 3 से 5 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।