नई दिल्ली। क्विक कॉमर्स सेक्टर में एक नई शुरुआत करते हुए Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी में एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू कर दी है। कंपनी का दावा है कि यह भारत की पहली क्विक कॉमर्स सुविधा है, जहां ग्राहक मोबाइल ऐप के जरिए सीधे एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है और आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों तक विस्तार देने की योजना है।
फिलहाल ये सिलेंडर होंगे उपलब्ध
Instamart के जरिए ग्राहक दो प्रकार के HPCL सिलेंडर मंगा सकेंगे—
10 किलोग्राम HP Navya Composite LPG Cylinder
5 किलोग्राम मेटल LPG Cylinder
इन दोनों विकल्पों को खासतौर पर छोटे परिवारों, अकेले रहने वाले लोगों और सीमित गैस खपत वाले उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराया गया है।
HP Navya सिलेंडर की क्या है खासियत?
HPCL का HP Navya Composite Cylinder पारंपरिक स्टील सिलेंडरों की तुलना में हल्का और सुविधाजनक माना जाता है। इसकी बॉडी जंग-रोधी है और पारदर्शी डिज़ाइन होने के कारण इसमें बची हुई गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकता है। कंपनी के अनुसार यह सिलेंडर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और अपार्टमेंट में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी विकल्प साबित हो सकता है।
बिना पुराने LPG कनेक्शन के भी मिलेगा सिलेंडर
इस सेवा की एक बड़ी खासियत यह है कि पहली बार नया सिलेंडर लेने के लिए पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना अनिवार्य नहीं होगा। पहली खरीद को नए कनेक्शन के रूप में माना जाएगा। इसके बाद ग्राहक खाली HPCL सिलेंडर वापस देकर उसी माध्यम से रिफिल सिलेंडर भी मंगा सकेंगे।
अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर करेंगे डिलीवरी
कंपनी ने बताया कि सिलेंडर की डिलीवरी केवल HPCL के अधिकृत वितरकों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से की जाएगी। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक गैस डिलीवरी उपलब्ध कराना है।
जल्द अन्य शहरों तक पहुंचेगी सेवा
Instamart और HPCL का कहना है कि शुरुआती चरण में इस सुविधा को बेंगलुरु में शुरू किया गया है। उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया और मांग को देखते हुए भविष्य में इसे अन्य प्रमुख शहरों में भी शुरू किया जाएगा।