महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले समग्र विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा के उद्देश्य से हरिभूमि-आईएनएच द्वारा रविवार, 5 जुलाई को जिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे बागबाहरा मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित होगा, जिसमें जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भाग लेंगे।
महत्वपूर्ण विषयों पर करेंगे सवाल-जवाब
कार्यक्रम के दौरान हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी आमंत्रित अतिथियों से जिले के विकास, जनसुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल-जवाब करेंगे। इस संवाद के माध्यम से महासमुंद के विकास की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा होने की उम्मीद है।
कई प्रमुख व्यक्तियों की रहेगी भागीदारी
इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा शहर के प्रबुद्ध नागरिक विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई प्रमुख व्यक्तियों की भागीदारी भी रहेगी।
इन अहम विषयों पर होगी चर्चा
आयोजकों के अनुसार, जिला संवाद का उद्देश्य केवल समस्याओं को सामने लाना नहीं, बल्कि उनके समाधान और जिले के संतुलित विकास के लिए सकारात्मक सुझावों पर भी विचार करना है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, कृषि और बुनियादी सुविधाओं जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।