शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी का दिन कल खास होने वाला है। क्योकि कल सीएम मोहन अदाणी समूह की ₹2500 करोड़ की डिफेंस फैक्ट्री का भूमिपूजन करने जा रहे है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अडाणी समूह के कई अधिकारी शामिल होने और डिफेंस यूनिट स्थापित करने की नीव रखेंगे।
शिवपुरी को मिलेगी नई पहचान
यह प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के साथ-साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव के औद्योगिक विकास के विजन को नई गति प्रदान करेगा। बता दें कि अभी तक शिवपुरी जिले का पाली गांव खेती के लिए जाना जाता था। लेकिन कुछ महीनों बाद यही इलाका डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के कारण नई पहचान बनाएगा।
2500 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी फैक्ट्री
शिवपुरी को मिल रही नई सौगात को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी जिला जल्द देश के प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होने जा रहा है..यहां के पाली गांव में 2500 करोड़ रुपए की लागत से अडाणी समूह डिफेंस यूनिट स्थापित करने जा रहा है। इससे लगभग 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
कंपनी आधुनिक रक्षा तकनीक से जुड़े उत्पाद बनाती है
सिंधिया ने बताया कि अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस पहले से ही रक्षा क्षेत्र में सक्रिय है। यहां फैक्ट्री में छोटे हथियार, गोला-बारूद, ड्रोन, काउंटर-ड्रोन सिस्टम और आधुनिक रक्षा उपकरणों से जुड़े उत्पाद तैयार किए जाएंगे। यह निवेश क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ-साथ ग्वालियर-चंबल अंचल की आर्थिक तस्वीर बदलने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हेलीकॉप्टर के होंगे शिवपुरी के लिए रवाना
बता दें कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम मोहन 5 जुलाई को दोपहर 2 बजे भोपाल से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए शिवपुरी के लिए रवाना होंगे। शिवपुरी में आयोजित डिफेंस पार्क कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:15 बजे ग्वालियर लौटेंगे और 5:25 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।