नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच 2026 टी20 वर्ल्ड कप में होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार की ओर से भारत के खिलाफ ग्रुप मैच के बहिष्कार की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को सख्त चेतावनी दी है। आईसीसी ने साफ शब्दों में कहा है कि वैश्विक टूर्नामेंट में चयनित मैचों का बहिष्कार खेल की मूल भावना के खिलाफ है और इससे न सिर्फ टूर्नामेंट की निष्पक्षता प्रभावित होती है, बल्कि करोड़ों क्रिकेट फैंस की भावनाओं को भी ठेस पहुंचती है।
ICC का बयान: बराबरी की शर्तों पर खेलना जरूरी:
आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “ग्लोबल टूर्नामेंट का मूल सिद्धांत यही है कि सभी क्वालिफाइड टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार बराबरी की शर्तों पर खेलें। किसी खास मुकाबले से हटना खेल की निरंतरता और प्रतिस्पर्धा को कमजोर करता है।” हालांकि ICC ने यह भी जोड़ा कि वह सदस्य देशों की सरकारों और उनकी नीतियों का सम्मान करता है, लेकिन ऐसा फैसला वैश्विक क्रिकेट के हित में नहीं है।
15 फरवरी को होना है हाई-वोल्टेज मुकाबला:
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी 2026 को प्रस्तावित है, जिसे टी20 वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा कमाई वाला ग्रुप मैच माना जा रहा है। पाकिस्तान सरकार की सोशल मीडिया पोस्ट के करीब तीन घंटे बाद ICC की प्रतिक्रिया सामने आई।
बांग्लादेश विवाद से जुड़ा है पूरा मामला:
इस विवाद की पृष्ठभूमि में बांग्लादेश का मामला भी अहम है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के लिए वैकल्पिक वेन्यू की मांग का समर्थन किया था। इसके बाद PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि भारत के खिलाफ खेलने का अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी।
ग्रुप-ए की स्थिति और पाकिस्तान का शेड्यूल:
पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ शामिल है। पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा, जो भारत के साथ टूर्नामेंट का सह-मेजबान है।
पाकिस्तान का शेड्यूल:
7 फरवरी: नीदरलैंड्स vs पाकिस्तान
10 फरवरी: अमेरिका vs पाकिस्तान
15 फरवरी: भारत vs पाकिस्तान (विवादित मैच)
18 फरवरी: नामीबिया vs पाकिस्तान
मैच नहीं खेलने पर क्या होगा नुकसान:
अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है, तो उसे सीधे दो अंक गंवाने होंगे। इसके अलावा ICC के प्लेइंग कंडीशंस के नियम 16.10.7 के तहत पाकिस्तान के नेट रन रेट पर भी गंभीर असर पड़ेगा। डिफॉल्ट करने वाली टीम के खिलाफ पूरे 20 ओवर जोड़े जाएंगे। इससे पाकिस्तान का रन रेट काफी बिगड़ सकता है, और भारत के नेट रन रेट पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
ICC का फोकस: सफल T20 World Cup 2026:
आईसीसी ने अंत में दोहराया कि उसका मुख्य लक्ष्य T20 World Cup 2026 का सफल और निष्पक्ष आयोजन है। सभी सदस्य बोर्डों की जिम्मेदारी है कि वे खेल की गरिमा बनाए रखें और फैंस की उम्मीदों पर खरे उतरें।