सतना : मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने पूरे परिवार को जहरीला खाना खिला दिया। जिसकी वजह से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के 3 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका इलाज रीवा के संजय गांधी अस्पताल में जारी है।
बीती रात परिवार के सभी सदस्यों ने जहरीला भोजन किया
जानकारी के अनुसार ग्राम बांधा निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि बीती रात परिवार के सभी सदस्यों ने जहरीला भोजन कर लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। तभी कुंदन शर्मा का छोटा बेटा अभिषेक किसी तरह पड़ोसियों के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो देखा घर के अंदर कुंदन शर्मा, उनकी पत्नी ज्योति शर्मा, उनका पांच वर्षीय बेटा आकाश शर्मा और तीन वर्षीय पुत्र अभिषेक शर्मा अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। जिन्हे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
बड़े बेटे आकाश शर्मा की मौत
जहां डॉक्टर ने बड़े बेटे आकाश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं पति कुंदन शर्मा, पत्नी ज्योति शर्मा और छोटे बेटे अभिषेक की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी निजी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके चलते यह आत्मघाती कदम उठाया गया।
निजी बात को लेकर हुआ विवाद
इधर, मामले को लेकर पीड़ित बच्चे ने बताया कि माता-पिता के बीच झगड़े के बाद उसकी मां ने खाने में जहर मिलाया और उसे खिलाने के साथ-साथ खुद भी खा लिया, जिसके बाद पिता कुंदन ने भी वही भोजन कर लिया। इसके बाद हम सभी की तबियत बिगड़ गई। फ़िलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वही मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।