रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य सिविल सेवा के सात वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति मिल गई है। केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह नियुक्तियां वर्ष 2024 की चयन सूची के आधार पर की गई हैं।
IAS कैडर में शामिल:
अधिसूचना के अनुसार, इन अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (नियुक्ति द्वारा पदोन्नति) विनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत IAS कैडर में शामिल किया गया है। इनकी नियुक्ति को राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त है और इन्हें 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच उत्पन्न रिक्तियों के विरुद्ध समायोजित किया गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगा अनुभव का लाभ:
राज्य सेवा से IAS में पदोन्नत हुए अधिकारी लंबे समय से विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए शासन-प्रशासन का व्यापक अनुभव हासिल कर चुके हैं। इनके IAS कैडर में शामिल होने से छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक संरचना को मजबूती मिलने के साथ-साथ नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
IAS अवार्ड पाने वाले अधिकारी:
छत्तीसगढ़ राज्य सेवा से IAS में पदोन्नत किए गए अधिकारियों में तीरथराज अग्रवाल, लीना कोसम, सौमिल रंजन चौबे, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार तिकरिहा के शामिल हैं. इन सभी अधिकारियों को लंबे प्रशासनिक अनुभव और सेवा अभिलेख के आधार पर चयन सूची में स्थान दिया गया है।