बीना : मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना भानगढ़ थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक पति ने दहेज़ के लालच में अपनी पत्नी के निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिए। इसकी जानकारी पीड़िता को तब लगी जब उसके देवर ने फोटो वीडियो के बारे में पूछा। मामला सामने आने के बाद नवविवहित ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। जिसके बाद मायके पक्ष ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करवाया।
ससुराल वालों ने 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की मांग
बताया जा रहा है कि पीड़िता की शादी कुछ समय पहले मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत की गई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पति और उसके परिवार ने 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की मांग करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं मांग पूरी नहीं करने पर पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
मानसिक - शारीरिक रूप से किया प्रताड़ित
पीड़िता का कहना है कि दहेज़ नहीं देने के चलते उसके पति ने उसके साथ ऐसा किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसका पति अक्सर उसके अश्लील निजी फोटो लेता था और बाद में उन्हें डिलीट करने की बात कहता था। लेकिन उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसका पति उसका वीडियो भी बनाता था। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ विभिन धाराओं में केस दर्ज कर, जांच शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा का कहना है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है,जांच के बाद उक्त मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। वही पति द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम से पीड़िता गहरे सदमे में है।