होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Satna Engineer: सतना में दबंग इंजीनियर का ड्रामा!, बंदूक लेकर किया निरीक्षण 

Satna Engineer: सतना में दबंग इंजीनियर का ड्रामा!, बंदूक लेकर किया निरीक्षण 

Satna Engineer: मध्य प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में अपनी धमक और अजीब आचरण को लेकर चर्चा में रहने वाले अधिकारियों का एक नया मामला सामने आया है। सतना जिले की जनपद पंचायत मझगवां में पदस्थ एक संविदा उपयंत्री का खुलेआम हाथ में बंदूक थामकर सरकारी कार्यों का निरीक्षण करने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले को लेकर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस भेजा है। 

सरपंच-सचिव के सामने रौब

मझगवां जनपद में पदस्थ संविदा उपयंत्री सतीश कुमार समेले बीते दिनों ग्राम पंचायत हिरौदी में चल रहे मनरेगा और अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान वहां गांव के सरपंच, सचिव और कई ग्रामीण मौजूद थे। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि उपयंत्री महोदय अपनी डायरी और पेन के साथ-साथ हाथ में एक चमचमाती बंदूक भी लहराते नजर आए। किसी लोकसेवक द्वारा इस तरह खुलेआम हथियार लेकर ग्रामीणों के बीच जाना और निरीक्षण करना संविदा सेवा शर्तों का खुला उल्लंघन माना जा रहा है। वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है।

लाइसेंस की कार्रवाई 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपयंत्री सतीश कुमार समेले द्वारा लहराई गई इस बंदूक के संबंध में अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दण्डाधिकारी सतना से सत्यापन कराया जाएगा। जांच की जाएगी कि यह हथियार लाइसेंसी है या अवैध, और क्या इसका इस तरह प्रदर्शन करना आयुध अधिनियम के प्रावधानों के दायरे में आता है या नहीं।

पुरानी शिकायतों की खुली फाइल

नोटिस में इस बात का भी उल्लेख है कि इस इंजीनियर के खिलाफ पूर्व में भी कई सरपंचों, सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों और आम ग्रामीणों द्वारा दुर्व्यवहार और लापरवाही की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके इस आचरण को घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। उपयंत्री सतीश कुमार को 22 जून 2026 तक अपने पक्ष में ठोस जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यदि तय समय सीमा के अंदर जवाब नहीं आता है, तो संविदा सेवा शर्तों के तहत उनकी सेवाएं समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।


संबंधित समाचार