शाजापुर : मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में 26 नवंबर से एक माह तक नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान चलाया जाएगा। जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पोलायकलां से वर्चुअल माध्यम से करेंगे। पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन द्वारा स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर शुरू किए जा रहे इस अभियान का नाम ‘कहो दिल से, मोहन जी हैं ना’ रखा गया है।
नि:शुल्क होगी जांच
अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय चिकित्सा संस्थानों में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजयराव झाड़े के निर्देश पर शुजालपुर एसडीएम नेहा गंगारे, जनपद सीईओ शुजालपुर सिद्धि कौरव और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नागेंद्र सिंह ने महात्मा गांधी मार्केट पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लोगों को दी जाएगी स्वास्थ्य की जानकारी
बता दें कि इस अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय चिकित्सा संस्थानों में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। जैसे की हृदय रोगों में समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ता कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, धूम्रपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और असंतुलित खानपान हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारक हैं।
इन लक्षण को न करें नजर अंदाज
कई बार शुरुआती अवस्था में हृदय संबंधी बीमारी के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारी का समय रहते पता लगाने में मदद मिल सकती है. सीने में दर्द या भारीपन, सांस फूलना, असामान्य पसीना आना, चक्कर आना और अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। शिविरों के माध्यम से लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही आवश्यक जांच और परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।