मुकेश प्रजापति, भैरूंदा : भैरूंदा ब्लॉक के गोपालपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 86 नग गांजा के पौधे जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पहाड़ी पर हो रही थी खेती
पुलिस के अनुसार ग्राम हमीदगंज वन बीट अंतर्गत ग्राम मंजाखेड़ी में प्रेमसिंह कोरकु नामक व्यक्ति द्वारा वन विभाग की पहाड़ी भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही थी। आरोपी ने खेत में निवास के लिए एक टापरी बनाकर उसके आसपास घेराबंदी कर अवैध रूप से गांजे के पौधे लगा रखे थे।
86 गांजा पौधे जब्त
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से कुल 86 हरे-भरे गांजा पौधे बरामद किए। जब्त पौधों का कुल वजन लगभग 3 किलो 200 ग्राम बताया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी पर मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।