Panna Crime: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से सोचने पर मजबूर कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दोस्ती के रिश्ते को चंद दरिंदों ने कलंकित कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक लॉज में तीन युवकों ने अपने ही परिचित को न केवल हवस का शिकार बनाया, बल्कि वारदात का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी करने लगे। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
साजिश के तहत होटल में बुलाया
जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम नगर के आशीष लॉज के कमरा नंबर 14 में अंजाम दी गई। आरोपियों ने साजिश रचकर पीड़ित को फोन कर शैम्पू, तेल और बोरोप्लस देने के बहाने होटल बुलाया। जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया।
शराब के नशे में दरिंदगी और ब्लैकमेलिंग
आरोप है कि तीनों युवक शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने पीड़ित के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया और इस घिनौनी करतूत का अपने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। दरिंदगी के बाद आरोपियों ने पीड़ित को वीडियो वायरल करने की धमकी दी और 30 हजार रुपये की मांग की। पैसे न देने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद सहमे हुए पीड़ित ने बजरंग दल के सदस्यों के साथ पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने पहले भी किसी और को अपना शिकार बनाया है।