होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

होली से पहले फूड विभाग की सख्ती: रायपुर में 2.30 लाख का संदिग्ध शहद जब्त, 94 नमूनों की ऑन-द-स्पॉट जांच

होली से पहले फूड विभाग की सख्ती: रायपुर में 2.30 लाख का संदिग्ध शहद जब्त, 94 नमूनों की ऑन-द-स्पॉट जांच

होली पर्व को देखते हुए रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया है। इसी कड़ी में बस स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध शहद की खेप जब्त की गई।

बस स्टैंड पर महिला से मिली 550 लीटर शहद की खेप

विभाग को सूचना मिली थी कि बस से उतरी एक महिला के पास बड़ी मात्रा में कंटेनर मौजूद हैं। जांच के दौरान नूरजहां खातून नामक महिला से पूछताछ की गई, जिसने खुद को बिहार के हजारीबाग की निवासी बताया और शहद बेचने रायपुर आने की जानकारी दी।

महिला के पास 37 कंटेनरों में करीब साढ़े पांच सौ लीटर शहद पाया गया। शहद की अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपए आंकी गई है। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण पूरी खेप जब्त कर ली गई और नमूने विधिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।

मिठाई, खोवा और पेड़ा के 20 से ज्यादा नमूने लिए गए

त्योहार के मद्देनजर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की जांच भी तेज कर दी गई है। पिछले सप्ताहभर में 20 से अधिक विधिक नमूने लिए गए हैं।

जिन प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए गए, उनमें सुपर स्वीट्स, बीकानेर मिठाईवाला, शारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट, न्यू जनता स्वीट्स एंड बेकर्स, जगदम्बा बीकानेर स्वीट्स, कृष्णा स्वीट्स, मीठा महल और न्यू जनता होटल शामिल हैं। इन स्थानों से पेड़ा, खोवा, काजू कतली, बेसन लड्डू, पिस्ता बिस्किट और कलाकंद के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और नमूना सहायकों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

दोसा, ब्रेड और स्ट्रीट फूड भी जांच के दायरे में

फूड सेफ्टी टीम ने कैफे बेंगलुरु से मसाला दोसा, न्यू नाइस बेकरी से ब्रेड और अन्य दुकानों से नारियल चटनी, छोले-भटूरे, ड्राई फ्रूट लड्डू, रेड खजूर और वेज सैंडविच के निगरानी नमूने लिए।

चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा 94 नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें 87 नमूने मानक पाए गए, 5 अमानक और 2 मिथ्याछाप पाए गए।

पान दुकानों पर भी छापा, गुटखा जब्त

अभियान के दौरान पान दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। जय दुर्गा पान मसाला से पान पसंद के 15 पैकेट, पान राज के 62 पैकेट और सितार ब्रांड के 53 पैकेट जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 26 हजार रुपए आंकी गई है।

इससे पहले खमतराई क्षेत्र के रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर में 170 बोरी प्रतिबंधित गुटखा भी जब्त किया गया था, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई थी। मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

त्योहार में मिलावट रोकने विभाग सतर्क

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान मिलावटी और निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को देने की अपील की गई है।


संबंधित समाचार