छतरपुर। होली पर्व के मद्देनज़र कलेक्टर Parth Jaiswal द्वारा जिले के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया था। इसके बावजूद महल रोड स्थित Dreamland High Secondary School में अवकाश के दिन भी कक्षाएं और प्रैक्टिकल आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है।
अवकाश के दिन कराया प्रैक्टिकल
जानकारी के अनुसार 3 मार्च को घोषित अवकाश के दिन स्कूल प्रबंधन ने छोटी कक्षाओं के लंबित पेपर कराए, साथ ही कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल भी संपन्न कराए। जिला शिक्षा विभाग ने पहले ही 10 फरवरी से 10 मार्च के बीच प्रैक्टिकल पूर्ण कराने के निर्देश जारी किए थे।
अभिभावकों में नाराजगी
अवकाश के दिन स्कूल संचालन को लेकर कुछ अभिभावकों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान बच्चों और शिक्षकों को परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलना चाहिए था। हालांकि कई अभिभावकों ने औपचारिक शिकायत करने से परहेज किया, यह कहते हुए कि उनके बच्चे उसी विद्यालय में अध्ययनरत हैं और वे किसी प्रकार की असुविधा नहीं चाहते।
राष्ट्रगान को लेकर भी उठे सवाल
विद्यालय में नियमित प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगान के आयोजन को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। आरोप है कि प्रार्थना के समय राष्ट्रगान नहीं कराया जाता, जिससे विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर चर्चा शुरू हो गई है।
क्या बोले प्राचार्य?
स्कूल की प्राचार्य इंद्रपाल कौर भाटिया का कहना है कि 3 मार्च की परीक्षा तिथि पहले से निर्धारित थी, जबकि अवकाश की घोषणा बाद में हुई। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल शासन द्वारा तय समय-सीमा के अंतर्गत कराना आवश्यक था। जिन विद्यार्थियों के पेपर छूट गए थे, उन्हें केवल सुविधा के लिए बुलाया गया और किसी पर दबाव नहीं बनाया गया।