उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में आए दिन भक्त बाबा महाकल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचते है। इसी कड़ी में सोमवार तड़के प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर भी बाबा के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना कर महाकाल का आशीर्वाद लिया। साथ ही नंदी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही।
नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान
मधुर भंडारकर तड़के करीब 3 बजे इंदौर से उज्जैन पहुंचे। वे इंदौर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और वहां से सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लिया। मधुर भंडारकर करीब दो घंटे तक मंदिर में रहे जहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर बाबा का ध्यान लगाया।
मंदिर के व्यवस्था की सराहना
आरती के बाद मधुर भंडारकर गर्भगृह के बाहर से बाबा महाकाल के दर्शन किए और मंदिर की आध्यात्मिक एवं दिव्य व्यवस्था की सराहना की। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया।
'महाकाल के दरबार में आकर मिलती है अलग खुशी'
इधर, दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मधुर भंडारकर ने कहा कि वे हर वर्ष भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आते हैं। इस बार वे इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और वहीं से सीधे महाकाल मंदिर आए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन से उन्हें हमेशा आत्मिक शांति और विशेष खुशी का अनुभव होता है।
युवा पीढ़ी की भक्ति ने किया प्रभावित
मधुर भंडारकर ने कहा कि मंदिर परिसर में युवा पीढ़ी को श्रद्धा के साथ 'बम-बम भोले' के जयकारे लगाते देखना बेहद सुखद अनुभव होता है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रेरणादायक स्वरूप बताया।