रायपुर: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार 28 फरवरी को धान का बोनस किसानों के खातों में जारी करेगी। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत कुल 10,292 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।
मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया अहम फैसला
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त देने का फैसला किया है। इस निर्णय के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजे जाएंगे।
किसानों की मुस्कान हमारी पूंजी: CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता भाइयों-बहनों की खुशहाली ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना और उनका सम्मान बनाए रखना अपना दायित्व मानती है। इस फैसले से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और होली का उत्साह भी बढ़ेगा।
25 लाख से ज्यादा किसानों ने बेचा 141.04 लाख मीट्रिक टन धान
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25,24,339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले दो वर्षों में 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि किसानों को दी जा चुकी है। होली से पहले 10,000 करोड़ रुपये के नए भुगतान के साथ यह कुल राशि बढ़कर 35,000 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसान राज्य की आत्मा हैं और उनकी मेहनत से ही प्रदेश की समृद्धि सुनिश्चित होती है। राज्य सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।