Egypt Road Accident: मिस्र की राजधानी काहिरा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। गीजा के अल-वर्राक क्षेत्र में पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना बुधवार को शहर की प्रमुख रिंग रोड पर एक सुरंग के ऊपर हुई। पेट्रोलियम उत्पादों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास से गुजर रहे कई वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग की वजह से कुल 27 वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इनमें निजी कारों के अलावा मोटरसाइकिल भी शामिल हैं।
आग की चपेट में आए कई वाहन, लोगों को नहीं मिला बचने का मौका
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कई वाहनों में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का अवसर नहीं मिला। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी अली यूसुफ के मुताबिक, आग लगने के बाद कई गाड़ियां पूरी तरह जल गईं और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। घटनास्थल पर जली हुई कारें, मिनी बसें और मोटरसाइकिलें बिखरी पड़ी थीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और बचाव कार्य के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की गई थीं। प्रशासन की ओर से हादसे में हुए जान-माल के नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
DNA जांच से होगी मृतकों की पहचान
इस दुर्घटना में कई लोगों के शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में मिस्र सरकार ने अज्ञात शवों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। जांच एजेंसियां DNA परीक्षण के माध्यम से मृतकों की पहचान करने में जुटी हैं, ताकि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके और शवों को नियमानुसार सौंपा जा सके।
मिस्र में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे क्या हैं प्रमुख कारण?
मिस्र में सड़क हादसों की घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई हैं। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़कों की खराब स्थिति को दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में गिना जाता है। मिस्र की सरकारी सांख्यिकी एजेंसी CAPMAS के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं के कारण 5,829 लोगों की जान गई थी। वहीं, 2024 में यह आंकड़ा 5,260 था। इस तरह एक साल के भीतर सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 10.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, मिस्र सरकार बीते कुछ वर्षों में सड़क, हाईवे और पुलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए बड़े स्तर पर परिवहन नेटवर्क विकसित किया गया है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराना सरकार के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। काहिरा के पास हुआ यह भीषण हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।