होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

समुद्र में डूबे टाइटैनिक की निशानियों पर बरसा पैसा, 100 से ज्यादा वस्तुओं की रिकॉर्ड बिक्री

समुद्र में डूबे टाइटैनिक की निशानियों पर बरसा पैसा, 100 से ज्यादा वस्तुओं की रिकॉर्ड बिक्री

Titanic Auction: दुनिया के सबसे चर्चित समुद्री हादसों में शामिल टाइटैनिक जहाज (Titanic Ship) की कहानी आज भी लोगों को हैरान करती है। 114 साल पहले अटलांटिक महासागर में समाए इस विशाल जहाज से जुड़ी यादगार वस्तुओं की लोकप्रियता आज भी कम नहीं हुई है। इसका अंदाजा हाल ही में 21 नवंबर 2026 को हुई एक नीलामी से लगाया जा सकता है, जहां जहाज के यात्रियों और उससे जुड़े इतिहास की 100 से अधिक दुर्लभ वस्तुओं को लाखों पाउंड में बेचा गया। इन वस्तुओं की कुल बिक्री 1 मिलियन पाउंड से अधिक यानी भारतीय मुद्रा में करीब 12.66 करोड़ रुपये से ज्यादा रही। इस नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा एक पुरानी पॉकेट घड़ी और हीरे की अंगूठी की रही। इन ऐतिहासिक वस्तुओं को खरीदने के लिए लोगों ने करोड़ों रुपये खर्च किए। आइए जानते हैं टाइटैनिक से जुड़ी किन-किन चीजों ने नीलामी में बड़ी कीमत हासिल की।

1912 में समुद्र में समा गया था टाइटैनिक

टाइटैनिक अपने समय के सबसे विशाल और आधुनिक यात्री जहाजों में गिना जाता था। 10 अप्रैल 1912 को अपनी पहली यात्रा पर निकला यह जहाज 14 अप्रैल की रात उत्तरी अटलांटिक महासागर में एक विशाल हिमखंड (Iceberg) से टकरा गया था। टक्कर के बाद जहाज में पानी भरने लगा और कुछ ही घंटों में यह समुद्र में डूब गया। इस भयावह दुर्घटना में 1,500 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। हादसे के बाद टाइटैनिक का मलबा समुद्र की गहराई में रह गया। आज भी इस जहाज से जुड़ी वस्तुओं और उसके अवशेषों को इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर माना जाता है।

100 से ज्यादा ऐतिहासिक वस्तुओं की हुई नीलामी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेनरी एल्ड्रिज एंड सन की ओर से आयोजित नीलामी में टाइटैनिक से संबंधित 100 से अधिक दुर्लभ वस्तुएं शामिल की गईं। इनकी बिक्री ने 1 मिलियन पाउंड का आंकड़ा पार कर लिया। नीलामी में यात्रियों की निजी चीजों से लेकर जहाज से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और ऐतिहासिक पत्र भी शामिल थे।

1. मैरी मैंगन की पॉकेट घड़ी 3.17 करोड़ रुपये में बिकी

नीलामी में सबसे अधिक कीमत हासिल करने वाली वस्तुओं में आयरलैंड की 32 वर्षीय यात्री मैरी मैंगन की पॉकेट घड़ी शामिल रही। मैरी टाइटैनिक के थर्ड क्लास में सफर कर रही थीं। समुद्र में डूबे जहाज के मलबे से बरामद इस घड़ी को 2.50 लाख पाउंड में बेचा गया, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 3.17 करोड़ रुपये है। इस घड़ी को हाल ही में टाइटैनिक बेलफास्ट में मैंगन परिवार के अन्य ऐतिहासिक सामानों के साथ प्रदर्शित भी किया गया था।

2. हीरे की अंगूठी की कीमत 1.77 करोड़ रुपये

नीलामी में लेडी डफ गॉर्डन की पहनी हुई हीरे की अंगूठी ने भी बड़ी रकम हासिल की। यह अंगूठी 1.40 लाख पाउंड यानी करीब 1.77 करोड़ रुपये में बिकी। रिपोर्ट के अनुसार, टाइटैनिक से जुड़ी किसी ज्वेलरी की नीलामी में अब तक हासिल की गई यह सबसे बड़ी कीमत बताई गई है।

3. रेमन गोमेज का पत्र 1 करोड़ रुपये से ज्यादा में बिका

टाइटैनिक के फर्स्ट क्लास यात्री रेमन आर्टागावेतिया गोमेज का लिखा एक दुर्लभ पत्र भी नीलामी का हिस्सा बना। यह पत्र करीब 80,000 पाउंड यानी लगभग 1.01 करोड़ रुपये में बेचा गया। इस पत्र की खास बात यह है कि इसे टाइटैनिक के आधिकारिक लेटरहेड वाले कागज पर स्पेनिश भाषा में लिखा गया था। इसमें जहाज के अंदर के माहौल, पेंट के रंग, तापमान और डाइनिंग से जुड़ी जानकारियों का उल्लेख मिलता है। यह पत्र गोमेज के शव से बरामद किया गया था।

4. जैक फिलिप्स का पोस्टकार्ड 40 लाख रुपये में नीलाम

टाइटैनिक के सीनियर वायरलेस ऑपरेटर जैक फिलिप्स का एक पोस्टकार्ड भी अच्छी कीमत पर बिका। यह पोस्टकार्ड उन्होंने जहाज हादसे से चार दिन पहले अपनी बहन एल्सी को लिखा था। उस समय टाइटैनिक साउथैम्पटन के डॉक पर खड़ा था। इस ऐतिहासिक पोस्टकार्ड को लगभग 32,000 पाउंड यानी 40.5 लाख रुपये में खरीदा गया।

5. इंश्योरेंस डॉक्यूमेंट और दुर्लभ टिकट की भी बड़ी कीमत

नीलामी में टाइटैनिक से संबंधित एक इंश्योरेंस डॉक्यूमेंट भी शामिल था। इसे लगभग 27,000 पाउंड यानी 34.2 लाख रुपये में बेचा गया। इसके अलावा एक दुर्लभ टिकट ने भी खरीदारों का ध्यान खींचा। इसकी नीलामी करीब 45,500 पाउंड यानी 57.6 लाख रुपये में हुई।

टाइटैनिक की यादगार वस्तुओं में आज भी दुनिया की दिलचस्पी

नीलामी कंपनी हेनरी एल्ड्रिज एंड सन के नीलामीकर्ता एंड्रयू एल्ड्रिज के मुताबिक, टाइटैनिक से जुड़ी वस्तुओं की मांग दुनियाभर में बनी हुई है। इस विषय में रुचि रखने वाले खरीदार दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आते हैं। उनका कहना है कि नीलामी में मिलने वाली कीमतें इस ऐतिहासिक घटना के प्रति लोगों की लगातार बनी हुई दिलचस्पी को दर्शाती हैं। इन वस्तुओं को सुरक्षित रखने और लोगों तक पहुंचाने का उद्देश्य टाइटैनिक से जुड़े इतिहास और यात्रियों की यादों को जिंदा रखना भी है। इससे पहले भी टाइटैनिक से जुड़े मेन्यू कार्ड, बिस्किट और अन्य दुर्लभ सामानों की नीलामी हो चुकी है। हादसे के 114 साल बाद भी इन वस्तुओं की बढ़ती कीमतें बताती हैं कि टाइटैनिक की कहानी आज भी दुनिया के लोगों के लिए कितनी खास है।


संबंधित समाचार