होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बांग्लादेश में फिर हिंसा का तांडव! शेख हसीना की पार्टी के 30 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल

बांग्लादेश में फिर हिंसा का तांडव! शेख हसीना की पार्टी के 30 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर हमला किए जाने की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में 30 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं। वहीं, उपद्रव के दौरान कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना गोपालगंज जिले के कोटालीपाड़ा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि आवामी लीग के समर्थक पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों पर देसी बम फेंके गए, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। हमले में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है।

शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव

बांग्लादेश में ताजा हिंसा ऐसे समय में हुई है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश लौटने की घोषणा की है। उनके इस ऐलान के बाद से ही आवामी लीग के समर्थकों और कार्यकर्ताओं की गतिविधियां चर्चा में हैं। पार्टी के समर्थक अलग-अलग इलाकों में हसीना के समर्थन में रैलियां और राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। गौरतलब है कि बांग्लादेश में आवामी लीग और उसकी राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद पार्टी के समर्थकों की सक्रियता सरकार और प्रशासन के सामने नई चुनौती बनती दिखाई दे रही है।

नाहिद इस्लाम की भारत विरोधी टिप्पणी से भी बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

बांग्लादेश में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम का बयान भी चर्चा में है। सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद नाहिद इस्लाम ने भारत के खिलाफ टिप्पणी करते हुए कथित तौर पर 'भारतीय वर्चस्व' का मुकाबला करने के लिए राजनीतिक एकजुटता की अपील की। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बांग्लादेश में शेख हसीना की आवामी लीग अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश कर रही है। हसीना की वापसी की घोषणा के बाद पार्टी समर्थकों की सक्रियता और विरोधी राजनीतिक गुटों के बीच टकराव की आशंका ने देश के राजनीतिक माहौल को और संवेदनशील बना दिया है।

प्रतिबंध के बावजूद सक्रिय है आवामी लीग का नेटवर्क

बांग्लादेश में आवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध होने के बावजूद पार्टी के समर्थकों का सड़कों पर उतरना राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर रहा है। लगातार सामने आ रही हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंसा और उपद्रव से जुड़े मामलों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस सिलसिले में सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, रविवार को गाजीपुर के टोंगी इलाके से आवामी लीग की पूर्व छात्र नेता तानिया अख्तर तपोशी को भी गिरफ्तार किए जाने की खबर है। फिलहाल गोपालगंज में हुए ताजा हमले के बाद बांग्लादेश की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है। शेख हसीना की संभावित वापसी, आवामी लीग के समर्थकों की सक्रियता और राजनीतिक दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी आने वाले दिनों में देश की स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना सकती है।
 


संबंधित समाचार