परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को स्वीकृत प्रतिपूरक समय के तहत अतिरिक्त 65 मिनट दिए जाएंगे।
ड्रेस कोड को लेकर निर्देश जारी
ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। मोटे कपड़ों, बड़े बटन वाले परिधानों, अधिक जेबों वाले कपड़ों, बेल्ट, घड़ियों, आभूषणों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
CRPF को सौंपी गई जिम्मेदारी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और जमा प्रक्रिया की जिम्मेदारी इस बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपी गई है।
परीक्षार्थियों के लिए विशेष बस सेवाएं
अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर टेंट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और हल्के नाश्ते की व्यवस्था की गई है। वहीं दूरदराज से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए विशेष बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी। शहरभर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।