होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नवरात्र से पहले डोंगरगढ़ में बड़ी बैठक : मां बमलेश्वरी के दरबार में सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक पुख्ता तैयारी

नवरात्र से पहले डोंगरगढ़ में बड़ी बैठक : मां बमलेश्वरी के दरबार में सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक पुख्ता तैयारी

राजा शर्मा // डोंगरगढ़। धर्मनगरी डोंगरगढ़ स्थित मां बमलेश्वरी मंदिर में नवरात्र पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवरात्र के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के डोंगरगढ़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट समिति ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंदिर परिसर में आयोजित संयुक्त बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर जरूरी तैयारियों पर चर्चा की गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन का फोकस

मां बमलेश्वरी मंदिर में चैत्र और क्वांर नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से भी श्रद्धालु माता के दरबार में आते हैं। ऐसे में इस बार भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में पार्किंग व्यवस्था के विस्तार, पदयात्रियों के लिए सुविधाएं, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने चर्चा की।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी बनाई जा रही रणनीति

नवरात्र मेले के दौरान डोंगरगढ़ में वाहनों और श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख मार्गों पर भीड़ का दबाव कम करने को लेकर भी मंथन किया गया। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी

नवरात्र मेले के दौरान लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की। पुलिस का फोकस जेबकतरी, चोरी, छेड़छाड़, नशाखोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने पर रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त तैयारी

समीक्षा बैठक में दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव, पुलिस विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

आस्था के साथ सुरक्षा भी प्राथमिकता

डोंगरगढ़ में नवरात्र के दौरान मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए आस्था का बड़ा सैलाब उमड़ता है। ऐसे में प्रशासन के सामने एक ओर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने की जिम्मेदारी है, तो दूसरी ओर भीड़ और कानून-व्यवस्था को नियंत्रित रखना भी बड़ी चुनौती है। बैठक के बाद प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नवरात्र शुरू होने से पहले पार्किंग, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में माता के दर्शन कर सकें।


संबंधित समाचार