होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बलौदा बाजार में आज ‘जिला संवाद 2026’, विकास और चुनौतियों पर होगा व्यापक मंथन

बलौदा बाजार में आज ‘जिला संवाद 2026’, विकास और चुनौतियों पर होगा व्यापक मंथन

बलौदा बाजार जिले के विकास, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा के लिए हरिभूमि–आईएनएच की ओर से ‘जिला संवाद 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 मार्च, शनिवार को कुछ ही देर में बलौदा बाजार के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

इस विशेष आयोजन में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में हुए विकास कार्यों, संचालित योजनाओं और आम जनता से जुड़ी प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान जिले की मौजूदा स्थिति और आने वाले समय की दिशा पर विचार-विमर्श होगा।

कार्यक्रम में राजस्व, खेल एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य रूप से शामिल होंगे। उनके साथ राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा ध्रुतलहरे, नगर पालिका भाटापारा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, नगर पालिका परिषद बलौदा बाजार अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा और कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

वहीं प्रशासनिक पक्ष से जिले की स्थिति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता और डीएफओ गणवीर धम्मशील भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस संवाद कार्यक्रम में जिले के व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। ये सभी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों, चुनौतियों और सुझावों को मंच पर साझा करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही जिले की प्रमुख समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए ठोस सुझावों पर भी विचार किया जाएगा।

‘जिला संवाद 2026’ के माध्यम से हरिभूमि–आईएनएच का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि बलौदा बाजार जिले के विकास को नई दिशा और सकारात्मक पहल मिल सके।

 


संबंधित समाचार