होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नवरंग गरबा 2026: धमतरी में आठ दिन तक गूंजेगी गरबा की धुन, 11 अक्टूबर से शुरुआत

नवरंग गरबा 2026: धमतरी में आठ दिन तक गूंजेगी गरबा की धुन, 11 अक्टूबर से शुरुआत

धमतरी। नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के धमतरी में गरबा और सांस्कृतिक उत्सव की रौनक देखने को मिलेगी। शहर में 11 से 18 अक्टूबर तक आठ दिवसीय ‘नवरंग गरबा’ का आयोजन किया जाएगा। सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका में प्रतिदिन रात 8 बजे से गरबा की रंगारंग शाम सजेगी। इस बार आयोजन में गुजरात की पारंपरिक गरबा संस्कृति के साथ छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और देश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, आठ दिनों तक अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रम होंगे। इनमें पारंपरिक परिधान, धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पुराने दौर की यादों को खास अंदाज में पेश किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और गरबा प्रेमियों के बीच इसे लेकर उत्साह का माहौल है।

2021 में हुई थी ‘नवरंग गरबा’ की शुरुआत

‘नवरंग गरबा’ की शुरुआत वर्ष 2021 में कोरोना काल के बाद की गई थी। आयोजन का उद्देश्य लोगों को एक साथ लाना, सामाजिक जुड़ाव बढ़ाना और सकारात्मक माहौल में त्योहार मनाने का अवसर उपलब्ध कराना था। धीरे-धीरे यह कार्यक्रम धमतरी में नवरात्रि के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया। आयोजन से जुड़े रितुराज पवार के अनुसार, नवरंग का उद्देश्य केवल गरबा आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है। इसी सोच के तहत हर साल कार्यक्रम में नए प्रयोग किए जाते हैं। इस बार भी आठ दिनों के लिए अलग-अलग थीम तय की गई हैं, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों को हर दिन एक नया अनुभव मिल सके।

गुजरात से छत्तीसगढ़ तक की संस्कृति की मिलेगी झलक

गुलशन छाबरिया ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। गरबा के साथ विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की सांस्कृतिक विशेषताओं को भी मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार और दोस्तों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

नवरंग गरबा 2026: आठ दिनों की थीम और कार्यक्रम

इस बार प्रत्येक दिन अलग विषय पर आधारित होगा। कार्यक्रम की प्रस्तावित थीम इस प्रकार हैं:
11 अक्टूबर – रंग दे बसंती: उत्साह और रंगों के साथ नवरंग गरबा का शुभारंभ होगा।
12 अक्टूबर – हृदय में जिनके सियाराम: भगवान श्रीराम को समर्पित इस थीम में ऑरेंज ड्रेस कोड रखा गया है।
13 अक्टूबर – हमर माटी के महक: छत्तीसगढ़ की मिट्टी, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
14 अक्टूबर – Back to the 80s: 1980 के दशक के फैशन और पुराने दौर के अंदाज को प्रस्तुत किया जाएगा।
15 अक्टूबर – गुजरात का ज्ञान, गुजरात की पहचान: गुजराती संस्कृति और पारंपरिक परिधानों पर विशेष जोर रहेगा।
16 अक्टूबर – ब्रज की होली: ब्रज की सांस्कृतिक परंपराओं और होली के रंगों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
17 अक्टूबर – शिव नगरी: भगवान शिव को समर्पित इस थीम में धार्मिक आस्था और भक्ति का रंग नजर आएगा।
18 अक्टूबर – गुजरात की शान, गुजराती परिधान: पारंपरिक गुजराती वेशभूषा के साथ आठ दिवसीय आयोजन का समापन होगा।

नवरात्रि में धमतरी के लिए खास होगा सांस्कृतिक उत्सव

‘नवरंग गरबा’ के जरिए धमतरी में नवरात्रि के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ सांस्कृतिक विविधता का संगम देखने को मिलेगा। अलग-अलग थीम, पारंपरिक वेशभूषा और क्षेत्रीय परंपराओं पर आधारित यह आयोजन गरबा प्रेमियों को एक मंच पर लाने का प्रयास है। आयोजक टीम नवरंग ने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से आठ दिवसीय उत्सव में भाग लेने की अपील की है।


संबंधित समाचार