होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री लेट! 20 जून तक दस्तक की उम्मीद, बढ़ी उमस और गर्मी

Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री लेट! 20 जून तक दस्तक की उम्मीद, बढ़ी उमस और गर्मी

रायपुर। मानसून ओडिशा तक पहुंच चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में इसकी दस्तक का इंतजार अभी जारी है। मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य में मानसून 20 जून के आसपास प्रवेश कर सकता है। पिछले पांच दिनों से मानसून की गतिविधियों में छत्तीसगढ़ की दिशा में कोई विशेष प्रगति नहीं हुई है, जिसके कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

प्री-मानसून बारिश कमजोर, गर्मी से नहीं मिल रही राहत

इस वर्ष प्री-मानसून बारिश अपेक्षाकृत कमजोर रही है। रायपुर जिले में पिछले 15 दिनों के दौरान केवल 12.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पूरे प्रदेश में औसत वर्षा का आंकड़ा 21.4 मिमी तक ही पहुंच पाया है। जून का पहला पखवाड़ा बीतने के बावजूद अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।पिछले वर्ष मानसून ने 16 जून को छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था और अगले ही दिन रायपुर सहित पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया था। इस बार स्थिति अलग है और मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है।

उमस और चिपचिपी गर्मी ने बढ़ाई परेशानी

अरब सागर से आने वाली नमीयुक्त हवाओं और स्थानीय गर्मी के प्रभाव के कारण प्रदेश के मध्य भागों में उमस काफी बढ़ गई है। बारिश नहीं होने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दिन और रात दोनों समय मौसम असहज बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के बाद मानसून को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। फिलहाल 20 जून के आसपास बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

इन राज्यों तक पहुंच चुका है मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून वर्तमान में आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, ओडिशा, झारखंड और बिहार तक पहुंच चुका है। हालांकि छत्तीसगढ़ में इसके प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां अभी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाई हैं।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

शहर         अधिकतम तापमान (°C)        सामान्य से अधिक
माना              39.7 +4.2
रायपुर              39.0 +3.7
पेंड्रा              37.0 +2.8
जगदलपुर                   38.3 +6.3
बिलासपुर              39.7 +1.4
दुर्ग              41.2 +3.9
अंबिकापुर                       36.8 +2.4



20 जून के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 जून के आसपास मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है और लोगों को भीषण गर्मी तथा उमस से राहत मिल सकती है।


संबंधित समाचार