राजीव मिश्रा, दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच आज देश की राजधानी दिल्ली से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। बैंक एफडी घोटाला मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद अपनी विधायकी गंवा चुके कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में एक बेहद अहम सुनवाई होने जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान केंद्रीय चुनाव आयोग को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। माना जा रहा है कि आज चुनाव आयोग अदालत के सामने इस पूरे मामले पर अपना आधिकारिक पक्ष रख सकता है।
आज होगी आर-पार की बहस
राजेंद्र भारती की ओर से देश के दिग्गज और वरिष्ठ अधिवक्ताओं की टीम कोर्ट रूम में दलीलें पेश करेगी। निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सजा पर तत्काल प्रभाव से अंतरिम रोक लगाने की गुहार लगाई जाएगी और यदि अदालत से सजा पर रोक लगती है, तो राजेंद्र भारती के चुनाव लड़ने के रास्ते में आ रही कानूनी अड़चनें दूर हो सकती हैं।
दतिया की सियासी तस्वीर पर क्या होगा असर?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज दिल्ली हाईकोर्ट का जो भी रुख रहेगा, उसका सीधा और बड़ा असर दतिया विधानसभा उपचुनाव की पूरी बिसात पर पड़ेगा। यदि कोर्ट से राजेंद्र भारती को राहत मिलती है, तो दतिया में कांग्रेस को अपना सबसे मजबूत और पुराना चेहरा वापस मिल जाएगा, जिससे चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो जाएगा। यदि राहत नहीं मिलती है, तो कांग्रेस को मजबूरन अपने 'प्लान-बी' यानी किसी नए चेहरे या सहानुभूति कार्ड जैसे उनकी पत्नी शोभा भारती पर ही दांव लगाना पड़ेगा।
यही वजह है कि आज होने वाली इस कानूनी जंग पर सिर्फ दतिया ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के पूरे राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजरें टिकी हुई हैं। हर कोई यह जानने को बेताब है कि आज माननीय न्यायालय से आगे की क्या कानूनी और राजनीतिक दिशा तय होती है।