राजेश सोनी, डबरा : डबरा में आयोजित नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा समारोह धार्मिक आस्था और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। 10 फरवरी से शुरू हुआ यह आयोजन 20 फरवरी तक चलेगा, जिसमें देशभर के संत-महात्मा, कथावाचक और जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय कथावाचक श्यामसुंदर पाराशर, धूमेश्वर धाम के पीठाधीश्वर अनिरुद्ध वन महाराज, भूमिया सरकार के पीठाधीश्वर हरिओम दास महाराज तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह भी उपस्थित रहे।
बागेश्वर सरकार की हनुमान कथा
17 फरवरी से 19 फरवरी तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा तीन दिवसीय हनुमान कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा समापन के बाद 19 फरवरी को दिव्य दरबार लगाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
दो घंटे देरी से पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कार्यक्रम स्थल पर लगभग दो घंटे विलंब से पहुंचे, लेकिन श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ कथा आरंभ होने का इंतजार करते रहे। मंच पर पहुंचते ही उनके स्वागत में पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। कथा के दौरान उन्होंने कर्म और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने कर्मों के अनुसार ही फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि केवल बाहरी आडंबर से भक्ति सिद्ध नहीं होती, बल्कि आचरण और व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सकारात्मक सोच और प्रसन्नता को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुश रहता है, वही सच्चे अर्थों में सफल होता है।
परिवार और संस्कारों पर चर्चा
सामाजिक संदर्भों पर बोलते हुए उन्होंने परिवार और संस्कारों की भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अच्छे या बुरे आचरण का असर परिवार की प्रतिष्ठा से जुड़ जाता है, इसलिए जीवन में संयम और जिम्मेदारी आवश्यक है। बता दें कि नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंच रही है और धार्मिक आयोजनों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।