पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, बीना : बीना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के स्टेशन रोड की खराब स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क की मरम्मत की मांग करते हुए धरना दिया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों का आरोप है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से मरम्मत का काम अबतक नहीं कराया गया।
बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्टेशन रोड कई जगह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग इन गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं में घायल भी हो चुके हैं।
सड़क मरम्मत की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड से लेकर पुष्प विहार कॉलोनी तक सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही काम शुरू नहीं किया गया तो वे अर्धनग्न होकर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
नगर पालिका ने दिया आश्वासन
मामले में नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि नगर क्षेत्र में सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। स्टेशन रोड के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है और करीब 15 दिनों के अंदर सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।