हटा : मध्य प्रदेश के सीएम मोहन ने हटा शहर का नाम बदलकर शिवकाशी करने की घोषणा की है। सीएम मोहन ने यह कदम हटावासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को देखते हुए उठाया है। इतना ही नहीं सीएम ने हटा को नवीन आईटीआई भवन की सौगात देने की भी घोषणा की है। साथ ही आने वाले समय में हटा में सर्वसुविधायुक्त नवीन नगर पालिका भवन एवं भव्य गीता भवन भी निर्मित किया जाएगा।
करोड़ों के विकास कार्यों का हुआ भूमि-पूजन
दरअसल, बुधवार को सीएम मोहन हटा के दौरे पर थे। जहां उन्होंने 405.58 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही हटा का नाम बदलकर शिवकाशी करने की घोषण की। सीएम का कहना है कि हटा श्री श्री 1008 देवश्री गौरीशंकर की नगरी है, इसलिए अब इसे शिवकाशी के रूप में ही जाना जाएगा।
विनती-मड़ियादौ-चौरईया मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा
इसके साथ ही सीएम ने कहा कि विनती-मड़ियादौ-चौरईया मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। हटा के शासकीय पीएममहारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में इंडोर ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इतना ही नहीं शहर में कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में कार्य का दायदा बहुत विस्तृत है, इसलिए हटा के महाविद्यालय में अब कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन संकाय/विषय भी पढ़ाये जाएंगे।