होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Vikram Mastal: बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों पर भड़के कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल

Vikram Mastal: बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों पर भड़के कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल

मुकेश प्रजापति,सीहोर: मध्य प्रदेश कांग्रेस के मुखर नेता और 'हनुमान' के नाम से विख्यात विक्रम मस्ताल शर्मा ने सूबे की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दोहरी राजनैतिक कार्यशैली पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती कमरतोड़ महंगाई, आसमान छूते डीजल-पेट्रोल के दामों और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को लेकर विक्रम मस्ताल ने भाजपा सरकार को 'इवेंट और प्रचारजीवी' करार दिया है।

65 रुपये में साइकिल, 112 रुपये में खामोशी!

उन्होंने पूर्व सीएम का नाम लेते हुए जनता के हवाले से सीधे सवाल दागा कि जब विपक्ष में रहते हुए भाजपा को महंगाई डायन लगती थी, तो आज सत्ता की मलाई खाते समय वह अप्सरा क्यों नजर आ रही है? कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल ने भाजपा के पुराने दिनों की याद दिलाते हुए राजनैतिक पाखंड पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एक दौर वह भी था जब देश में पेट्रोल की कीमत महज 65 रुपये प्रति लीटर थी। उस समय खुद शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के तमाम बड़े नेता साइकिलों पर सवार होकर सड़कों पर उतर आते थे। मीडिया में बड़े-बड़े फोटोशूट कराए जाते थे और तत्कालीन केंद्र सरकार को कोसते हुए लंबे-चौड़े भाषण दिए जाते थे।

बजट हुआ ध्वस्त

मस्ताल ने आगे कहा कि आज वही पेट्रोल 112 रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर चुका है। डीजल, घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर, राशन, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयां और आम जरूरत की हर चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी है। गरीब का चूल्हा बुझ रहा है और मध्यमवर्ग का मासिक बजट पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विडंबना देखिए, जो नेता 65 रुपये पेट्रोल पर हाहाकार मचाते थे, आज वही सत्ता के एसी दफ्तरों, आलीशान मंचों और चमचमाती बड़ी गाड़ियों के काफिले में घूमते हुए जनता को पैदल चलने और स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाने की मुफ्त सलाह दे रहे हैं।

ध्यान भटकाने के लिए सिर्फ इवेंटबाज़ी

कांग्रेस नेता ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता के विश्वास के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात किया है। भाजपा सरकार के पास आज युवाओं की बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और आम जनता की मूल समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है। यही वजह है कि सरकार ने जनता का ध्यान भटकाने के लिए सिर्फ और सिर्फ विज्ञापनों, इवेंट्स और झूठे प्रचार की राजनीति को अपना मुख्य हथियार बना लिया है।

भाजपा के पास जवाब नहीं!

मस्ताल ने कहा कि आज मध्य प्रदेश का हर नागरिक और हर परिवार सत्ता में बैठे हुक्मरानों से 3 सीधे सवाल पूछ रहा है कि क्या उस दौर की साइकिल यात्राएं और आंदोलन सिर्फ कैमरों के सामने सुर्खियां बटोरने और वोट बटोरने का एक राजनैतिक स्टंट थे? क्या भाजपा के नेताओं को महंगाई का दर्द और आर्थिक मंदी सिर्फ तभी दिखाई देती है जब वे विपक्ष की बेंचों पर बैठे होते हैं? सत्ता की मलाई मिलते ही क्या राजनेताओं की आंख का पानी और जनता के प्रति संवेदनाएं पूरी तरह खत्म हो जाती हैं?


संबंधित समाचार