
MP Congress : जातिगत जनगणना की घोषणा के बाद देशभर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी रणनीति में तेजी दिखाई है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस एक बड़े जनसभा की तैयारी कर रही है, जिसमें पार्टी के प्रमुख चेहरे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी तय मानी जा रही है।
MP में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी
कांग्रेस जातिगत जनगणना को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए इसे चुनावी मुद्दा बनाने की दिशा में बढ़ रही है। राहुल गांधी पहले भी कई मौकों पर इस मांग को उठाते रहे हैं और अब जब केंद्र ने इसे मान्यता दी है, तो पार्टी इसे अपनी विचारधारा की जीत के रूप में सामने लाना चाहती है। ऐसे में मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आने वाले चुनावों में जातिगत जनगणना को भुनाने के लिए अभी से सक्रियता बढ़ा दी है।
जून में भोपाल आएंगे राहुल-प्रियंका?
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जून में राजधानी भोपाल में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। जनसभा का मुख्य उद्देश्य ओबीसी वर्ग को साधना और जातिगत जनगणना के समर्थन में माहौल बनाना होगा, क्योंकि प्रदेश में यह आबादी निर्णायक भूमिका निभाती है।
पहले माहौल तैयार करेगी कांग्रेस
इस मेगा कार्यक्रम से पहले, 3 से 20 मई के बीच कांग्रेस प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसमें घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया जाएगा और बताया जाएगा कि जातिगत जनगणना से कैसे सामाजिक समरसता और अधिकार सुनिश्चित किए जा सकते हैं।
क्या कहते है जानकार?
राजनीतिक जानकारों की माने तो कांग्रेस इस विषय को आगामी चुनावों में प्रमुख मुद्दा बनाकर प्रस्तुत कर सकती है। खासकर मध्यप्रदेश जैसे राज्य, जहां ओबीसी वर्ग की संख्या अधिक है, वहां यह रणनीति काफी प्रभावशाली हो सकती है।