होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात: 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को NMC की मंजूरी; 250 MBBS सीटों पर होगा प्रवेश

छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात: 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को NMC की मंजूरी; 250 MBBS सीटों पर होगा प्रवेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी है। इन कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50-50 MBBS सीटों पर प्रवेश शुरू होगा। इस तरह प्रदेश में कुल 250 नई एमबीबीएस सीटें जुड़ जाएंगी, जिससे चिकित्सा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

इन पांच जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज

एनएमसी से स्वीकृति मिलने के बाद गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू किए जाएंगे। इन सभी संस्थानों में शुरुआती चरण में 50-50 एमबीबीएस सीटों पर पढ़ाई शुरू होगी।

सरकार का मानना है कि इन मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से चिकित्सा शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा के गीदम से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र कुनकुरी तक अब युवाओं को अपने क्षेत्र के करीब ही मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे प्रदेश के अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा शिक्षा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा।

मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को भी मिला लेटर ऑफ परमिशन

इन पांच मेडिकल कॉलेजों में शामिल मनेंद्रगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज को भी एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) से लेटर ऑफ परमिशन (LoP) जारी कर दिया गया है। इसके बाद यहां भी 2026-27 शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- जनता से किया वादा निभाया

स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज को मिली मंजूरी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि जनता से किया गया वादा पूरा हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को देते हुए कहा कि इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा और व्यापक होगा।


संबंधित समाचार