होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, 100 से ज्यादा नए पद शामिल; जानें किस पद के लिए क्या योग्यता

छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, 100 से ज्यादा नए पद शामिल; जानें किस पद के लिए क्या योग्यता

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने कर्मचारी चयन मंडल के जरिए होने वाली भर्तियों के नियमों में बड़ा संशोधन किया है। इसके तहत विभिन्न विभागों के 100 से अधिक नए पदों को भर्ती नियमों में शामिल किया गया है। इन पदों के लिए पहली बार न्यूनतम शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं भी निर्धारित की गई हैं।

नए नियमों के लागू होने के बाद कर्मचारी चयन मंडल इन पदों पर विभागवार निर्धारित योग्यता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित करेगा। कुछ पदों के लिए कॉमन परीक्षा अनिवार्य होगी, जबकि तकनीकी और विशेषज्ञ पदों पर डिप्लोमा, कंप्यूटर दक्षता, संबंधित परिषद का पंजीयन, खेल योग्यता और विषय विशेष की डिग्री जैसी शर्तें लागू की गई हैं।

भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित करने की तैयारी

राज्य सरकार के मुताबिक, भर्ती नियमों में संशोधन का मुख्य उद्देश्य विभागों की जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवारों का चयन करना है। नए पदों की शैक्षणिक और तकनीकी अर्हता पहले से निर्धारित होने के कारण भर्ती प्रक्रिया में स्पष्टता आने की उम्मीद है। अब कर्मचारी चयन मंडल संबंधित विभागों से प्राप्त पदों के लिए तय योग्यता के आधार पर भर्ती परीक्षा और चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

कई पदों पर कॉमन परीक्षा होगी अनिवार्य

संशोधित नियमों में कुछ पदों के लिए सामान्य यानी कॉमन परीक्षा को अनिवार्य किया गया है। वहीं, तकनीकी पदों के लिए उम्मीदवारों को संबंधित ट्रेड, विषय या तकनीकी क्षेत्र में डिग्री अथवा डिप्लोमा होना जरूरी होगा। कुछ पदों पर कंप्यूटर डिप्लोमा और हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग की निर्धारित गति भी अनिवार्य की गई है।

इन प्रमुख पदों के लिए तय हुई योग्यता

खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड निरीक्षक पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक और कॉमन परीक्षा की शर्त रखी गई है। राजस्व निरीक्षक पद के लिए स्नातक अथवा 10+2 के साथ सिविल इंजीनियरिंग (सर्वे) में डिप्लोमा की योग्यता निर्धारित की गई है।

कनिष्ठ रोजगार अधिकारी के लिए स्नातक होना जरूरी होगा।

संस्कृति विभाग के अनुदेशक पद के लिए स्नातक अथवा 10+2 के साथ मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट (MOM) डिप्लोमा, हिंदी या अंग्रेजी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति, एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा और 10 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटे की टाइपिंग दक्षता निर्धारित की गई है। इस पद के लिए कॉमन परीक्षा भी होगी। सांख्यिकी लिपिक के लिए सांख्यिकी, गणित, अर्थशास्त्र या वाणिज्य में स्नातक के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा और हिंदी या अंग्रेजी में 5 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटे की टाइपिंग गति जरूरी होगी।

संग्रहालय और संस्कृति विभाग के पदों पर भी विशेष योग्यता

असिस्टेंट क्यूरेटर के लिए प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अथवा संग्रहालय विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित की गई है। वहीं, संग्रहालय सहायक पद के लिए स्नातक के साथ संग्रहालय विज्ञान में डिग्री या डिप्लोमा की आवश्यकता होगी। रसायनज्ञ, सहायक रसायनज्ञ, मार्गदर्शक, उत्खनन सहायक, स्वागतकर्ता और तकनीकी सहायक समेत कई पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री को अनिवार्य किया गया है।

जनसंपर्क और आदिम जाति विभाग के पदों की अर्हता

जनसंपर्क विभाग के अभिलेख सहायक पद के लिए गणित, भौतिकी या रसायन विज्ञान में बीएससी अथवा समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। वाटर फिल्टर ऑपरेटर के लिए 10+2 के साथ विभागीय नियमों में निर्धारित अन्य योग्यताएं पूरी करनी होंगी। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग में मनोवैज्ञानिक पद के लिए मनोविज्ञान या समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर योग्यता रखी गई है। विधि सहायक के लिए एलएलबी के साथ तीन वर्ष का न्यायालयीन अनुभव जरूरी होगा। वहीं, क्रीड़ा प्रशिक्षक के लिए बीपीएड/बीपीई और भारतीय खेल प्राधिकरण का डिप्लोमा निर्धारित किया गया है। फील्ड ऑफिसर, वरिष्ठ रिसर्च सहायक, फील्ड इन्वेस्टीगेटर और अन्वेषक जैसे पदों के लिए भी संबंधित विषयों में स्नातक या स्नातकोत्तर योग्यता तय की गई है।

समाज कल्याण विभाग में तकनीकी पदों पर पंजीयन जरूरी

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत समाज शिक्षा संगठक, पर्यवेक्षण अधिकारी और परामर्श सहायक जैसे पदों के लिए एमएसडब्ल्यू जैसी संबंधित योग्यता निर्धारित की गई है। फिजियोथेरेपिस्ट के लिए फिजियोथेरेपी में स्नातक और संबंधित परिषद में पंजीयन जरूरी होगा। ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी में स्नातक के साथ पंजीयन की शर्त रखी गई है। इसी तरह ऑर्थोटिस्ट/प्रोस्थेटिस्ट के लिए बीपीओ डिग्री और आरसीआई पंजीयन अनिवार्य होगा। विशेष शिक्षक पद के लिए संबंधित दिव्यांगता विषय में बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और आरसीआई पंजीयन आवश्यक किया गया है। दिव्यांग शिक्षा, पुनर्वास, बेल प्रेस और बालगृहों से जुड़े अन्य पदों के लिए भी अलग-अलग तकनीकी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं।

वन विभाग और खेल विभाग में भी बदले नियम

वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विभिन्न पदों के लिए भी नई योग्यताएं तय की गई हैं। रक्षक पद के लिए 10+2, निर्धारित शारीरिक योग्यता और कॉमन परीक्षा की शर्त रखी गई है। तकनीकी सहायक पद के लिए विज्ञान, वनस्पति विज्ञान या पर्यावरण विज्ञान में स्नातक के साथ बीपीएड अथवा समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक पद के लिए राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला से डिप्लोमा अथवा मान्यता प्राप्त संस्थान से समकक्ष डिप्लोमा के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी की शर्त रखी गई है।

सहकारिता और उद्योग विभाग में डिग्री-कंप्यूटर योग्यता जरूरी

सहकारिता विभाग के सहायक लेखाधिकारी पद के लिए कॉमर्स में स्नातकोत्तर डिग्री और कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी होगा। सहायक प्रबंधक और प्रक्षेत्र सहायक पदों के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा की योग्यता निर्धारित की गई है। उद्योग विभाग में प्रबंधक पद के लिए इंजीनियरिंग डिग्री अथवा औद्योगिक रसायन, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, विज्ञान आदि विषयों में स्नातकोत्तर डिग्री या एमबीए की योग्यता रखी गई है।

खनिज विभाग के तकनीकी पदों के लिए आईटीआई और डिप्लोमा

खनिज विभाग के सर्वेयर, स्ट्रिंगर, मैकेनिक, मजदूर और खान सर्वेक्षक सहित कई तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड की योग्यता निर्धारित की गई है। इन पदों में आईटीआई, सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा, सर्वेयर ट्रेड या संबंधित तकनीकी योग्यता को प्राथमिकता/अनिवार्यता के रूप में शामिल किया गया है। जिन पदों के लिए अनुभव जरूरी है, वहां निर्धारित कार्य अनुभव की शर्त भी लागू होगी।


संबंधित समाचार