होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ से दो महिलाएं राज्यसभा की दौड़ में: भाजपा से लक्ष्मी वर्मा, कांग्रेस से फूलोदेवी नेताम ने भरा नामांकन

छत्तीसगढ़ से दो महिलाएं राज्यसभा की दौड़ में: भाजपा से लक्ष्मी वर्मा, कांग्रेस से फूलोदेवी नेताम ने भरा नामांकन

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा जाने के लिए दो महिला नेताओं ने गुरुवार 5 मार्च को अपना नामांकन दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस ने मौजूदा सांसद फूलोदेवी नेताम को एक बार फिर राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन दोनों उम्मीदवारों ने विधानसभा पहुंचकर अपने-अपने नामांकन पत्र जमा किए।

बड़े नेताओं की मौजूदगी में भरा नामांकन

राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दोनों प्रत्याशियों ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने स्मृति मंदिर में माल्यार्पण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के साथ विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के कई सांसद, मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ के हितों को दिल्ली में उठाने का संकल्प

नामांकन दाखिल करने से पहले लक्ष्मी वर्मा ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को बड़ा अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी लंबे समय से महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।

लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि उन्होंने पार्षद रहते हुए क्षेत्र के विकास और महिलाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए कई प्रयास किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी वह खुद कपड़े सिलकर पहनना पसंद करती हैं। उनके अनुसार राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनके काम को सम्मान देते हुए यह अवसर दिया है और अब वह दिल्ली में छत्तीसगढ़ के हितों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी काम जारी रखेंगी।

दोबारा मौका मिलने पर फूलोदेवी नेताम ने जताया आभार

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम अपने निवास से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ विधानसभा पहुंचीं और नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

फूलोदेवी नेताम ने कहा कि उन्हें एक बार फिर पार्टी ने मौका दिया है, जिसके लिए वह सभी की आभारी हैं। उन्होंने बताया कि एक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने हमेशा पार्टी और प्रदेश के मुद्दों को सदन में उठाने की कोशिश की है और आगे भी उसी निष्ठा के साथ काम करेंगी।

महिलाओं की सुरक्षा और बस्तर के विकास पर रहेगा फोकस

फूलोदेवी नेताम ने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा उनके प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। साथ ही बस्तर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए भी वह लगातार प्रयास करेंगी।

 


संबंधित समाचार