होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छठ महापर्व पर देशभर में दिखा आस्था का उत्साह, पीएम मोदी सहित दिग्गज नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

छठ महापर्व पर देशभर में दिखा आस्था का उत्साह, पीएम मोदी सहित दिग्गज नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

छठ महापर्व 2026: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य की सभी देशवासियों को अनेकानेक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर प्रकृति-पूजन को समर्पित हर किसी के लिए स्फूर्ति और नई चेतना लेकर आए, साथ ही समाज में प्रगाढ़ और सद्भाव एवं समरसता को और अधिक करे। सभी का जीवन सूर्यदेव की कृपा से आलोकित हो। जय छठी मइया!

छठ पूजा को लेकर बिहार में उमड़ा जनसैलाब

बिहार में छठ महापर्व को लेकर इस वर्ष विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व की खुशियां अपनों के साथ मनाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रह रहे लगभग 50 लाख प्रवासी अपने पैतृक घरों को लौटे हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे महानगरों से बड़ी संख्या में लोग बिहार पहुंचे हैं। आंकड़ों के अनुसार, करीब 40 लाख यात्रियों ने ट्रेन के माध्यम से बिहार का सफर तय किया, जबकि लगभग 10 लाख लोग हवाई जहाज, बस और निजी वाहनों से अपने घर पहुंचे। प्रवासियों की वापसी से बिहार के बाजारों, रेलवे स्टेशनों और गांवों में रौनक बढ़ गई है।

घाटों पर विशेष व्यवस्था, सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम

छठ पूजा के मद्देनजर बिहार के ग्रामीण और शहरी इलाकों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। घरों से लेकर बाजारों और छठ घाटों तक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने घाटों की सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया है। नदी, तालाब और अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां की गई हैं।

डूबते सूर्य को दिया जाएगा संध्या अर्घ्य

चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व है। रविवार शाम को व्रती पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस दौरान परिवार के सदस्य और श्रद्धालु भी पूजा में शामिल होकर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। सुबह के अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, पारिवारिक जुड़ाव और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी संदेश देता है। यही वजह है कि देश-विदेश में रहने वाले बिहार के लोग हर साल इस महापर्व पर अपने घर लौटने की कोशिश करते हैं।
 


संबंधित समाचार