दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को एक जूता फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा।
आग बुझाने में जुटीं दमकल की 16 गाड़ियां
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए करीब 16 दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया है। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, आग की तीव्रता के चलते राहत और बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पुलिस भी मौके पर तैनात
दमकल विभाग के साथ दिल्ली पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिसकर्मी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दमकलकर्मी फैक्ट्री में लगी आग पर पानी डालते नजर आ रहे हैं। वीडियो में आग की लपटों के साथ आसमान में उठता काले धुएं का विशाल गुबार भी दिखाई दे रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।