हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 के आखिरी दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया, वोटर लिस्ट में नाम काटे जाने और लोकतंत्र को लेकर कई सवाल उठाए। राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्ष आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सड़कों पर बदलाव देखा जा सकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के भीतर भी डर दिखाई दे रहा है।
अपने भाषण की शुरुआत में राहुल गांधी ने उन प्रतिनिधियों से माफी मांगी, जो समिट में शामिल होने के लिए आने वाले थे, लेकिन नहीं पहुंच सके। उन्होंने इसके लिए भारत सरकार को जिम्मेदार ठहराया। राहुल ने कहा कि यह उनकी गलती नहीं है और इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मौजूदा परिस्थितियों में यहां क्या कुछ झेलना पड़ रहा है।
SIR और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल हैं।
राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन को जीत मिली थी, लेकिन महज तीन महीने बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में नतीजे बदल गए। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान करीब 70 लाख नए मतदाता जोड़े गए, जिन्होंने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बड़ी संख्या में मतदाताओं को अवैध या गैर-मौजूद बताया जाता है, तो चुनाव की वैधता पर सवाल क्यों नहीं उठने चाहिए?
'2014 से भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया'
राहुल गांधी ने अपने भाषण में 2014 के बाद देश की राजनीतिक और चुनावी परिस्थितियों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से फासीवादी विचारधारा वाले लोग लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं, जबकि देश की बड़ी आबादी यह देख रही है कि आखिर क्या हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में पहले की तुलना में बहुत अधिक धन खर्च किया जा रहा है और इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हुई है। राहुल ने कहा कि 2014 के बाद भारत में लोकतंत्र की स्थिति बदल गई है। उन्होंने चुनावी व्यवस्था और विपक्ष की भूमिका को लेकर भी चिंता जताई।
फासीवाद पर बोले राहुल गांधी, 'कुछ लोग खुद को सर्वज्ञ मानते हैं'
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में फासीवाद का जिक्र करते हुए कहा कि फासीवादी लोगों की आवाज काफी तेज होती है। कुछ लोग खुद को सर्वज्ञ मानते हैं और उन्हें लगता है कि वे हर जगह मौजूद हैं। ऐसे लोग दूसरों की बात सुनने के लिए तैयार नहीं होते।
उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक लोग विनम्र होते हैं और दूसरों की बात सुनते हैं। राहुल गांधी ने अपने भाषण में सत्ता, विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर भी अपनी बात रखी।
'सत्य और अहिंसा हमारे सबसे बड़े हथियार'
कांग्रेस पार्टी के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी ने संविधान और आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें लगता था कि कांग्रेस का इतिहास महात्मा गांधी से शुरू होता है, लेकिन अपनी यात्रा के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि पार्टी का इतिहास इससे भी पुराना है।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें दो सबसे बड़े हथियार मिले हैं- सत्य और अहिंसा। उन्होंने कहा कि क्रोध, हिंसा, डर और नफरत से कुछ हासिल नहीं होगा, बल्कि प्यार के जरिए लोगों से जुड़ना जरूरी है। इसी सोच के साथ उन्होंने लोगों की बातें सुनना और उनसे संवाद करना शुरू किया।
'आप सभी लोगों को हमेशा बेवकूफ नहीं बना सकते'
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने एक कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ समय के लिए सभी लोगों को और हमेशा कुछ लोगों को बेवकूफ बनाया जा सकता है, लेकिन सभी लोगों को हमेशा बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता।
उन्होंने एक बार फिर विश्वास जताया कि विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने में सफल होगा। राहुल गांधी ने कहा कि यह बदलाव सड़कों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी आंखों में डर दिखाई दे रहा है।
राहुल गांधी ने अंत में कहा कि बीजेपी और उसके नेताओं को नफरत और हिंसा के जरिए नहीं हराया जा सकता, क्योंकि कांग्रेस उनकी तरह नहीं है। उन्होंने दोहराया कि विपक्ष सत्य, अहिंसा और प्रेम के रास्ते पर चलकर राजनीतिक लड़ाई लड़ेगा।