रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रायपुर सहित कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश, 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। ऐसे में सप्ताहांत पर बाहर घूमने या यात्रा की योजना बना रहे लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर रहा सबसे गर्म
बीते दो दिनों से राजधानी रायपुर में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के लटोरी, कुसमी, पत्थलगांव, मैनपाट, सीतापुर और पौड़ी उपरोड़ा जैसे इलाकों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रायपुर और आसपास के मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इन जिलों में रेड अलर्ट
जानकारी के मुताबिक मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, इन जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।
सिनोप्टिक सिस्टम क्या कहता है?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून द्रोणिका फिलहाल जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी सक्रिय है। इसी वजह से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें। आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों। तेज हवाओं के दौरान कमजोर निर्माणों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें।