होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर पहुंचेंगे गृहमंत्री शाह, कई कार्यक्रम में होंगे शामिल, राज्योत्सव समारोह में प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

रायपुर पहुंचेंगे गृहमंत्री शाह, कई कार्यक्रम में होंगे शामिल, राज्योत्सव समारोह में प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज 3 नवंबर को भव्य समापन होने जा रहा है। समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। समापन समारोह के दौरान नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

करीब पांच घंटे रायपुर में रहेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:30 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद वे शाम 5 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके पश्चात केंद्रीय गृहमंत्री नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचकर विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 5:55 बजे उनके राज्योत्सव मैदान पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। अमित शाह शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में मौजूद रहेंगे।

प्रदेश की प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य अलंकरण सम्मान

राज्योत्सव के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ की उन विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। राज्य अलंकरण समारोह के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया जाएगा।

लोक संगीत और पंडवानी से सजेगी समापन समारोह की शाम

राज्योत्सव का समापन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिलेगी। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार पारंपरिक लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले अपनी विशेष पंडवानी प्रस्तुति से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगी। वहीं, रात 9 बजे के बाद मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की म्यूजिकल प्रस्तुति प्रस्तावित है। तीन दिनों तक चले इस आयोजन का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सम्मान समारोह और विकास से जुड़ी सौगातों के साथ होगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और भविष्य की विकास यात्रा की झलक भी देखने को मिलेगी।
 


संबंधित समाचार