होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CG Breaking News: राज्योत्सव का आज समापन, अमित शाह आएंगे रायपुर, महतारी वंदन की किस्त होगी जारी

CG Breaking News: राज्योत्सव का आज समापन, अमित शाह आएंगे रायपुर, महतारी वंदन की किस्त होगी जारी

CG Breaking News: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव 2026 का आज भव्य समापन होने जा रहा है। इस खास अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। नवा रायपुर में आयोजित इस समारोह में राज्य की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रदेश की लाखों महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की सौगात भी मिलेगी।

अमित शाह रायपुर में कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 3 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। इसके बाद अमित शाह नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

दिल्ली से रायपुर लौटेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज दिल्ली से रायपुर वापस पहुंचेंगे। उनके निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक वे सुबह 7:20 बजे इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली से रवाना होंगे और सुबह 9:10 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 9:40 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। दोपहर 1:55 बजे मुख्यमंत्री निवास से निजी अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:10 बजे से 4:20 बजे तक उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद शाम 4:50 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे। यहां शाम 4:55 से 5:10 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 5:20 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचकर मुख्य समारोह में शामिल होंगे। रात 8 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे 8:15 बजे एयरपोर्ट और रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी

छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए राज्योत्सव का समापन एक बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को 33वीं किस्त की राशि जारी की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समारोह के दौरान डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। इस बार प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए जाएंगे। इसके अलावा नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त का लाभ मिलेगा। आंकड़ों के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। 33वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल सहायता राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी।

राज्योत्सव में राज्य अलंकरण समारोह, कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी खास

राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। कार्यक्रम के अनुसार शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे पद्मश्री उषा बारले अपनी विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद रात 9 बजे से बॉलीवुड के मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

शिल्पग्राम में भी दिखेगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत

राज्योत्सव मैदान के शिल्पग्राम में भी दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। यहां प्रदेश की लोककला, संगीत और पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। शिल्पग्राम में पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन और सूफी गायन की प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इसके अलावा रायपुर की आस्था भट्ट भी भजन गायन के जरिए अपनी प्रस्तुति देंगी। कुल मिलाकर राज्योत्सव का समापन समारोह राजनीतिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिहाज से खास रहने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी, राज्य अलंकरण सम्मान और महतारी वंदन योजना की नई किस्त इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
 


संबंधित समाचार