भोपाल : राजधानी भोपाल के शाहपुरा तालाब में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कप मच गया है। युवक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। जवान बेटे की मौत से परिवार में जहां मातम पसरा हुआ है। वही पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
शाहपुरा तालाब के पास मिला स्कूटर
बताया जा रहा है कि 26 साल का प्रियांशु डॉक्टर को दिखाने के लिए बंसल अस्पताल जाने की बात कहकर घर से स्कूटी लेकर निकला था। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तब जाकर उन्हें पता चला कि शाहपुरा तालाब के पास पर्यावरण परिसर रोड पर सड़क किनारे उन्हें बेटे की स्कूटी खड़ी मिली है। आनन फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। तब जाकर तालाब किनारे बैठे बच्चों ने बताया कि एक युवक तालाब में अंदर गया था और गहराई में जाकर डूब गया।
एंजायटी और डिप्रेशन से जूझ रहा था मृतक
बच्चों की बात सुन पिता ने तुरंत मछुआरों की मदद ली और प्रियांशु को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि प्रियांशु पिछले कुछ समय से एंजायटी और डिप्रेशन से जूझ रहा था। जिसका इलाज भी चल रहा था। परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि शायद उसके बेटे ने आत्महत्या की होगी। लेकिन पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
टैक्स असिटेंट के पद पर होनी थी भर्ती
बताया जा रहा है कि प्रियांशु भोपाल के एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखता था. उसके पिता भोपाल स्मार्ट सिटी में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं. प्रियांशु अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इतना ही नहीं प्रियांशु का एसएससी परीक्षा के माध्यम से टैक्स असिस्टेंट पद के लिए चयन भी हुआ था। जिसकी जोइनिंग जल्द होनी थी।