मैहर : मध्य प्रदेश के सीएम मोहन इन दिनों प्रदेश के विभिन जिलों का दौरा कर विकास कार्यो की सौगात दे रहे है। इसी कड़ी में सावन के महीने में सीएम मैहर जिले का दौरा करेंगे। जहां वो पहले मां शारदा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे जिले में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। सीएम मोहन का यह दौरा 5 अगस्त को प्रस्तावित है।
तैयारियों में जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मां शारदा धाम समेत कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, मंच निर्माण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला अस्पताल सहित कई शासकीय भवनों का करेंगे शुभारंभ
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जिला अस्पताल सहित कई शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नवगठित मैहर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
5 अगस्त को मैहर दौरा प्रस्तावित
सावन के पवित्र महीने में होने वाला यह दौरा धार्मिक आस्था और विकास, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है।