छत्तीसगढ़ के धमतरी में भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत शक्ति प्रदर्शन किया। शहर में निकाली गई पदयात्रा में जिलेभर से भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ता विभिन्न मार्गों से होते हुए सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका पहुंचे। यहां पदयात्रा के बाद जनसभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत बिलाईमाता स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद रैली सदर बाजार, मठ मंदिर, घड़ी चौक और सिहावा चौक से गुजरते हुए शांति वाटिका पहुंची। जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और देश की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखी।
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
जनसभा को संबोधित करते हुए कुरुद विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अशांति और अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
चंद्राकर ने कहा कि संसद से लेकर न्यायपालिका तक संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उनके मुताबिक, जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष अशांति की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
टंकराम वर्मा ने विदेशी फंडिंग को लेकर उठाए सवाल
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने भी सभा में विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राष्ट्रविरोधी ताकतें विदेशी फंडिंग के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रही हैं और विपक्षी दल उन्हें समर्थन दे रहे हैं।
वर्मा ने कहा कि दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों में अराजकता फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत युवाओं, विद्यार्थियों और प्रबुद्ध वर्ग के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पदयात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल
धमतरी में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक रंजना साहू, जिला संयोजक शशि पवार और महापौर रामू रोहरा मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश शर्मा, भानु चंद्राकर, महेंद्र पंडित, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा और जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
भाजपा की इस पदयात्रा के जरिए पार्टी ने लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक व्यवस्था को लेकर अपना पक्ष रखा। वहीं, सभा में कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों के बाद धमतरी का यह आयोजन जिले की सियासत में चर्चा का विषय बन गया।