दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेरा सोपान में शनिवार सुबह 36 वर्षीय कनका देवी राजपूत का शव घर की छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए।
सास ने छत पर देखा बहू का शव
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे मृतका की सास चंद्रप्रभा राजपूत छत पर पहुंचीं, जहां उन्होंने कनका देवी को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पंडोखर थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। मृतका के भाई राजकुमार राजपूत ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। कनका देवी अपने पीछे दो बेटे छोड़ गई हैं।