भोपाल/ग्वालियर/छतरपुर: भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे मध्य प्रदेश में उत्सव के रूप में मना रही है। राजधानी भोपाल से लेकर ग्वालियर और छतरपुर तक, संगठन की मजबूती और भविष्य के रोडमैप को लेकर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वर्चुअली जुड़कर प्रदेश को बड़ी सौगातें दीं।
17 जिलों को मिले नए 'डिजिटल' कार्यालय
स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश के 17 जिलों में भाजपा कार्यालयों का वर्चुअल भूमिपूजन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि अगले वर्ष 6 अप्रैल तक इन सभी 17 कार्यालयों का निर्माण पूर्ण कर इनका लोकार्पण कर दिया जाएगा। ये सभी कार्यालय हाई-टेक और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे, जिनके लिए जमीन की खरीदी पहले ही की जा चुकी है।
ग्वालियर में दिग्गजों का जमावड़ा
ग्वालियर स्थित भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने इसे बेहद खास बना दिया।केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, वित्त आयोग अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा, और प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित कई दिग्गज नेता इस दौरान मौजूद रहे। ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह और जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन विस्तार पर चर्चा की।
'सत्ता नहीं, विचार का संगठन है भाजपा' - हेमंत खंडेलवाल
भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी की विचारधारा को बाते हुए कहा कि 1952 में जो सपना देखा था, उसे धारा 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण के साथ पूरा किया गया। आज केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि उन करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या को याद करने का दिन है जिनकी बदौलत भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में संगठन अब 'विकसित भारत 2047' के विजन पर काम कर रहा है।
'गांव-बस्ती चलो अभियान' का शंखनाद
स्थापना दिवस के साथ ही भाजपा ने आगामी चुनावी और सांगठनिक तैयारियों को धार दे दी है। 7 से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में 'गांव-बस्ती चलो अभियान' चलाया जाएगा। इस अभियान में सांसद, विधायक, महापौर और सभी वरिष्ठ पदाधिकारी जमीनी स्तर पर जाकर जनता से संवाद करेंगे।
छतरपुर में दीप प्रज्ज्वलन और झंडा वंदन
छतरपुर जिला कार्यालय में भी स्थापना दिवस की धूम रही। जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम और विधायक ललिता यादव की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर महापुरुषों का स्मरण किया। यहाँ बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।