छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। प्रदेश और जिला स्तर पर पार्टी कार्यालयों में विशेष तैयारियां की गईं और दिनभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वच्छता अभियान से हुई शुरुआत
स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह स्वच्छता अभियान से की गई। इसमें महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सीएम विष्णुदेव साय ने किया ध्वजारोहण
प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत की। इससे पहले उन्होंने स्मृति स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, जिला कार्यालय एकात्म परिसर में भी सुबह ध्वजारोहण कर स्थापना दिवस मनाया गया।
कार्यालयों में दिखी खास सजावट
इस मौके पर भाजपा के सभी कार्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। झंडे, बैनर और रोशनी से सजे कार्यालयों में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
12 अप्रैल तक चलेंगे कार्यक्रम
पार्टी द्वारा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शाम के समय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।