मनोज रजक, सतना : सतना जिले के रामपुर बाघेलान नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा पार्षद के पति के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा पार्षद के पति अशोक सिंह को छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पीड़ित महिला की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने 22 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक आवेदन देकर अशोक सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद मामला रामपुर बाघेलान थाना पुलिस को सौंपा गया। जांच के दौरान सामने आए एक वीडियो में आरोपी महिला को धमकाते हुए और थाना प्रभारी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए नजर आया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि नहीं
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। महिला ने अपने बयान में बताया कि उसने डर और दबाव की वजह से पहले आवेदन में दुष्कर्म का उल्लेख किया था। हालांकि, जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया है कि आरोपी ने महिला के साथ अश्लील इशारे किए, छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी दी।
इन धाराओं में मामला दर्ज
रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने आरोपी अशोक सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 79, 296(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
लंबे समय से प्रताड़ना का आरोप
पीड़ित महिला का आरोप है कि अशोक सिंह लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह उसकी दुकान पर आकर धमकियां देता था और वीडियो वायरल करने की बात कहकर दबाव बनाता था। महिला ने यह भी कहा था कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की गई है। जो भी साक्ष्य सामने आए, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।